पेंशनरों का शोषण बर्दास्त नहीं किया जायेगा
प्रमुख सचिव चिकित्सा को दिये बैठक करने के निर्देश
महामंत्री श्री बी0क0े तिवारी जी ने रखीं पेंशर्स की प्रमुख समस्याएं
लखनऊ । वरिष्ठ नागरिक पेंशनर सेवा संस्थान उत्तर प्रदेश के महामंत्री श्री बी0के0 तिवारी जी ने आज उप मुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक से भेंट कर पेंशनर्स की चिकित्सा प्रतिपूर्ति में नये शासनादेश से उत्पन्न समस्याओं के निराकरण के संबंध में विस्तार से वार्ता की। महामंत्री श्री तिवारी जी ने बताया कि हाल ही में जारी शासनादेश के कारण पेंशनर्स को चिकित्सा प्रतिपूर्ति प्राप्त करने में अनेक व्यावहारिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कई अस्पतालों द्वारा पूर्व की भांति चिकित्सा प्रतिपूर्ति स्वीकार न करने, दस्तावेजों की अतिरिक्त मांग, डिजिटल प्रक्रिया में तकनीकी कठिनाइयों तथा कई मामलों में भुगतान में देरी से पेंशनर्स को भारी असुविधा हो रही है। श्री तिवारी जी ने उप मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि पेंशनर्स के हितों को ध्यान में रखते हुए विवादित शासनादेश की पुनः समीक्षा की जाए, पूर्व व्यवस्था को बहाल किया जाए तथा अस्पतालों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि पेंशनर्स को चिकित्सा प्रतिपूर्ति समय पर और बिना किसी कठिनाई के मिल सके। उप मुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक ने पेंशनर्स की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने और समाधान निकालने का आश्वासन दिया। उप मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को चिकित्सा प्रतिपूर्ति से संबंधित समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा और किसी भी पेंशनर को अनावश्यक कठिनाई नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने महामंत्री श्री तिवारी जी को आश्वस्त किया कि इस संबंध में संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।





