वरिष्ठ नागरिक पेंशनर सेवा संस्थान की पहल पर जिलाधिकारी ने वरिष्ठ कोषाधिकारी को दिए निर्देश
महोबा । शासन द्वारा सेवारत एवं सेवानिवृत्त शासकीय कार्मिकों के चिकित्सा प्रतिपूर्ति दावों को ऑनलाइन प्रस्तुत किए जाने की व्यवस्था के क्रम में जनपद महोबा के पेंशनरों को 25 सितम्बर 2026 को पूर्वाह्न 10 बजे से कोषागार महोबा में प्रशिक्षण दिया जाएगा । वरिष्ठ नागरिक पेंशनर सेवा संस्थान, उत्तर प्रदेश द्वारा नवागंतुक जिलाधिकारी श्री प्रभाष कुमार को शासन के प्रशिक्षण संबंधी निर्देशों से अवगत कराते हुए पेंशनरों के लिए समुचित प्रशिक्षण व्यवस्था कराने का अनुरोध किया गया। इस पर जिलाधिकारी ने वरिष्ठ कोषाधिकारी महोबा को कोषागार में पेंशनरों को चिकित्सा प्रतिपूर्ति दावे ऑनलाइन प्रस्तुत करने की प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिलाए जाने के निर्देश दिए । इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिक पेंशनर सेवा संस्थान के प्रतिनिधिमंडल ने नवागंतुक जिलाधिकारी श्री प्रभाष कुमार का पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं संगठन का पट्टा पहनाकर स्वागत किया तथा जनपद में कार्यभार ग्रहण करने पर शुभकामनाएं दीं । प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष सुनील शर्मा, प्रदेश महामंत्री बी. के. तिवारी, मंडल अध्यक्ष ओ. पी. सिंह, संयुक्त मंत्री जगदीश कुमार तथा इशियाक खां प्रमुख रूप से उपस्थित रहे । संस्थान के प्रदेश महामंत्री बी. के. तिवारी ने जनपद के सभी पेंशनरों से अपील की है कि वे 25 सितम्बर को प्रातः 10 बजे समय से कोषागार महोबा पहुंचें और चिकित्सा प्रतिपूर्ति दावों की नई ऑनलाइन प्रक्रिया का प्रशिक्षण प्राप्त करें, ताकि भविष्य में ऑनलाइन दावा प्रस्तुत करने में किसी प्रकार की व्यावहारिक कठिनाई न हो ।
अपील:– जनपद के अधिक से अधिक पेंशनर प्रशिक्षण में सहभागिता करें और ऑनलाइन चिकित्सा प्रतिपूर्ति प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त करें ।

