पेंशन खातों के लिए चलेगा विशेष अभियान, तीन वर्ष से लंबित चिकित्सा प्रतिपूर्ति प्रकरण पर डीएम सख्त
महोबा। पं. दीनदयाल उपाध्याय पेंशनर भवन की मरम्मत अब क्रिटिकल गैप मद से कराई जाएगी। जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने इसके लिए मुख्य विकास अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि भवन की मरम्मत का कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाएगा। यह जानकारी जिलाधिकारी ने वरिष्ठ नागरिक पेंशनर सेवा संस्थान, उत्तर प्रदेश के महामंत्री बी.के. तिवारी के नेतृत्व में उनसे मिलने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल से पेंशनरों की विभिन्न समस्याओं पर हुई वार्ता के दौरान दी। वार्ता के दौरान अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सुखवीर सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) इन्द्रदेव सिंह तथा अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे सूर्यकान्त त्रिपाठी भी उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि अनेक पेंशनरों के सामान्य बचत बैंक खातों को पेंशन खाते में परिवर्तित कराने में कठिनाइयां आ रही हैं। इस पर जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) को निर्देश दिए कि वरिष्ठ कोषाधिकारी एवं एलडीएम के साथ बैंकर्स की शीघ्र बैठक आयोजित की जाए और विशेष अभियान चलाकर पेंशनरों के बचत खातों को पेंशन खातों में परिवर्तित कराने का कार्य पूरा कराया जाए। प्रतिनिधिमंडल ने तहसील चरखारी से सेवानिवृत्त संग्रह अमीन रामकिशोर शुक्ला के चिकित्सा प्रतिपूर्ति दावे का मामला भी जिलाधिकारी के समक्ष रखा। बताया गया कि चिकित्सा प्रतिपूर्ति का प्रकरण लगभग तीन वर्षों से लंबित है। इस पर जिलाधिकारी ने गंभीर नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल उपजिलाधिकारी चरखारी से दूरभाष पर वार्ता की और प्रकरण का शीघ्र निस्तारण कर भुगतान सुनिश्चित करने तथा अनावश्यक विलंब के लिए जिम्मेदार अधिकारी/कर्मचारी के विरुद्ध कार्रवाई करने के कड़े निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने भुगतान की कार्रवाई से उन्हें अवगत कराने को भी कहा।
प्रतिनिधिमंडल में संस्थान के महोबा जिलाध्यक्ष सुनील शर्मा, रामगोपाल शर्मा तथा ओ.पी. त्रिपाठी शामिल रहे। वार्ता के अंत में प्रतिनिधिमंडल ने पेंशनरों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनके त्वरित समाधान के लिए प्रभावी निर्देश देने पर जिलाधिकारी गजल भारद्वाज के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।



