एसबीआई की नई पेंशन योजना से पेंशनरों को मिलेंगी विशेष सुविधाएं

महोबा में बैंक अधिकारियों एवं पेंशनर संगठन के पदाधिकारियों की बैठक सम्पन्न

पेंशनरों के सामान्य बचत खातों को पेंशन खातों के रूप में पंजीकृत कराने में सहयोग करेगा वरिष्ठ नागरिक पेंशनर सेवा संस्थान

महोबा । राज्य सरकार के पेंशनरों को सेंट्रलाइज्ड पेंशन प्रोसेसिंग सेंटर (सीपीपीसी) के माध्यम से बेहतर बैंकिंग सेवाएं एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारतीय स्टेट बैंक, महोबा के शाखा प्रबंधक श्री अरुण गुप्ता की अध्यक्षता में वरिष्ठ नागरिक पेंशनर सेवा संस्थान, उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई । बैठक में शाखा प्रबंधक श्री अरुण गुप्ता ने अवगत कराया कि भारतीय स्टेट बैंक द्वारा पेंशनरों के हित में कॉम्प्रिहेंसिव पेंशन पैकेज (Comprehensive Pension Package) के अन्तर्गत विशेष योजना लागू की गई है। इसके तहत बैंक से पेंशन प्राप्त करने वाले पेंशनर अपने नियमित बचत खातों को पेंशन खातों के रूप में पंजीकृत कराकर योजना के अन्तर्गत उपलब्ध सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं । श्री गुप्ता ने कहा कि बैंक का उद्देश्य पेंशनरों को बेहतर, सरल एवं सुविधाजनक बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने इस योजना की जानकारी अधिकाधिक पेंशनरों तक पहुंचाने तथा उनके खातों के पंजीकरण में सहयोग करने हेतु पेंशनर संगठन के पदाधिकारियों से अपील की । बैठक में उपस्थित वरिष्ठ नागरिक पेंशनर सेवा संस्थान, उत्तर प्रदेश के महामंत्री श्री बी. के. तिवारी ने बैंक की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि पेंशनरों के हित में संचालित योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र पेंशनर तक पहुंचाना संगठन की प्राथमिकता है । उन्होंने आश्वस्त किया कि भारतीय स्टेट बैंक में पेंशन प्राप्त करने वाले पेंशनरों के सामान्य बचत खातों को पेंशन खातों के रूप में पंजीकृत कराने हेतु आवश्यक आवेदन पत्र एवं अभिलेख पूर्ण कराकर बैंक को उपलब्ध कराने में संगठन पूरा सहयोग करेगा ।

श्री तिवारी ने भारतीय स्टेट बैंक के समस्त पेंशनर खाताधारकों से अपील की कि वे पं. दीनदयाल उपाध्याय पेंशनर भवन, कचहरी परिसर, महोबा में सम्पर्क कर आवश्यक आवेदन पत्र भरें तथा अपने खातों का पेंशन खाते के रूप में पंजीकरण कराकर बैंक द्वारा निर्धारित सुविधाओं का लाभ उठाएं । उन्होंने कहा कि अधिक आयु के पेंशनरों को बैंकिंग औपचारिकताओं में होने वाली कठिनाइयों को देखते हुए संगठन द्वारा यथासम्भव सहयोग प्रदान किया जाएगा, ताकि किसी भी पात्र पेंशनर को जानकारी अथवा प्रक्रिया के अभाव में सुविधाओं से वंचित न रहना पड़े । बैठक में भारतीय स्टेट बैंक की ओर से कैशियर श्रीमती सीमा, उप प्रबंधक श्री विकल्प राव तथा वरिष्ठ नागरिक पेंशनर सेवा संस्थान की ओर से श्री जगदीश कुमार, श्री रामसजीवन गुप्ता एवं श्री देवेन्द्र सक्सेना सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे । बैठक के अन्त में महामंत्री श्री बी. के. तिवारी ने शाखा प्रबंधक श्री अरुण गुप्ता एवं बैंक अधिकारियों द्वारा पेंशनरों के हित में की जा रही सकारात्मक एवं रचनात्मक पहल की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। साथ ही भविष्य में भी बैंक एवं पेंशनर संगठन के बीच इसी प्रकार समन्वय बनाए रखने की अपेक्षा व्यक्त की ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *