अब पेंशनरों को जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने के लिए कोषागार जाने की आवश्यकता नहीं : बी. के. तिवारी
महोबा, 16 नवम्बर 2026 । उत्तर प्रदेश शासन के मुख्य सचिव के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी महोबा प्रभाष कुमार के निर्देशन में जनपद के पेंशनरों को ऑनलाइन जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने हेतु ब्लॉक स्तर पर बीआरसी केन्द्रों एवं पेंशनर भवन में प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है । इसी क्रम में आज पं. दीनदयाल उपाध्याय पेंशनर भवन, महोबा में नेशनल जनसुविधा केन्द्र के संचालक परवेज, आकिल तथा शिव सेवा केन्द्र के संचालक अरुण कुमार एवं उनके सहयोगियों द्वारा सैकड़ों पेंशनरों के मोबाइल फोन में आवश्यक ऐप डाउनलोड कराकर उन्हें अपने ही मोबाइल से डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र ऑनलाइन भेजने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया । इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिक पेंशनर सेवा संस्थान, उत्तर प्रदेश के महामंत्री बी. के. तिवारी ने पेंशनरों से अपील करते हुए कहा कि आज अधिकांश पेंशनर एंड्रॉयड मोबाइल का उपयोग करना जानते हैं । ऐसे में उन्हें स्वयं अपने मोबाइल से जीवन प्रमाण-पत्र भेजने की प्रक्रिया सीखनी चाहिए, जिससे प्रतिवर्ष कोषागार जाने, अनावश्यक भागदौड़ करने तथा दूसरों पर निर्भर रहने की आवश्यकता समाप्त हो सके । श्री तिवारी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा पेंशनरों को अनावश्यक परेशानियों एवं शोषण से बचाने के उद्देश्य से डिजिटल सुविधाओं का विस्तार एवं प्रशिक्षण की व्यवस्था किया जाना सराहनीय पहल है। पेंशनरों को इसका अधिकाधिक लाभ उठाकर डिजिटल रूप से आत्मनिर्भर बनना चाहिए ।
इस अवसर पर विष्णु खरे, ओ.पी. सिंह, शिवकुमार त्रिपाठी, जगदीश सोनी, जगदीश कुमार, देवेन्द्र सक्सेना, गंगा प्रसाद, लक्ष्मी तिवारी, सत्यभामा, माया सोनी, पुष्पा सक्सेना एवं गीता द्विवेदी सहित अनेक पदाधिकारी एवं पेंशनर उपस्थित रहे । श्री तिवारी ने बताया कि आगामी 21 नवम्बर 2026 को पुनः पं. दीनदयाल उपाध्याय पेंशनर भवन, महोबा में प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। जिन पेंशनरों का प्रशिक्षण अभी नहीं हो पाया है, वे निर्धारित तिथि पर पेंशनर भवन पहुँचकर इस सुविधा का लाभ उठाएँ ।


