महोबा, 10 जुलाई। वरिष्ठ नागरिक पेंशनर्स सेवा संस्थान, उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने संस्थान के अध्यक्ष सुनील शर्मा के नेतृत्व में मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार से भेंट कर जनपद के बैंकों से पेंशन प्राप्त कर रहे पेंशनरों को कॉम्प्रिहेन्सिव पेंशन पैकेज (CPP) योजना का लाभ उनके बैंक खातों में उपलब्ध कराए जाने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने अवगत कराया कि जिलाधिकारी श्रीमती गजल भारद्वाज को इस संबंध में जानकारी दिए जाने पर उनके निर्देशानुसार मुख्य विकास अधिकारी द्वारा इस विषय पर आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की गई है। मुख्य विकास अधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए 15 जुलाई प्रातः 10ः00 बजे लीड बैंक मैनेजर (एल.डी.एम.) एवं जनपद के सभी बैंकों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि पेंशनरों को सी.पी.पी. योजना का लाभ उपलब्ध कराए जाने के संबंध में आवश्यक निर्णय लिया जा सके।
इस अवसर पर संस्थान के महामंत्री बी. के. तिवारी ने जिलाधिकारी के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद विभिन्न विभागों द्वारा आयोजित सामाजिक सरोकार एवं अन्य जनहित संबंधी बैठकों की सूचना पेंशनर संगठनों को उपलब्ध न कराए जाने पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। इस पर मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार ने आश्वासन दिया कि सभी संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएंगे, जिससे भविष्य में पेंशनर संगठनों को ऐसी बैठकों की समय से सूचना उपलब्ध कराई जा सके और उनकी सहभागिता सुनिश्चित हो। बी0के0 तिवारी ने बताया कि सीपीपी योजना के अंतर्गत पेंशनरों के रेगुलर सेविंग एकाउंट, सीपीपी योजना में रजिस्टर्ड होने पर मिनिमम बैलेंस की बाध्यता समाप्त होने के साथ साथ एसएमएस अलर्ट जार्च माफ, फ्री गोल्ड एटीएम-डेविड कार्ड, एटीएम का कोई जार्च नहीं, व्यक्तिग इंश्योरेंस 30 लाख एवं एम्बुलेंस की सुविधा, 10 लाख रुपये जलने पर प्लास्टिक सर्जरी, 10 लाख बच्चों की हायर एजुकेशन, 8 लाख तक पति पत्नी के ज्वाइंट एकाउंट सुविधा प्राप्त होगी। प्रतिनिधिमंडल में मंडलीय अध्यक्ष ओ. पी. सिंह, संयुक्त मंत्री जगदीश कुमार सहित संस्थान के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी के निर्देश पर 15 जुलाई को होगी बैंकर्स के साथ पेंशनरों की बैठक, पेंशनरों को सी.पी.पी. योजना का लाभ दिलाने की पहल