कानून का पालन कराने वाले अधिकारी स्वयं भी करें वैधानिक प्रावधानों का अनुपालन : बी. के. तिवारी
जिला सड़क सुरक्षा समितियों की बैठकों में पेंशनर संस्थान के पदाधिकारियों को आमंत्रित करने की मांग
महोबा, 25 नवम्बर 2026 । वरिष्ठ नागरिक पेंशनर सेवा संस्थान, उत्तर प्रदेश के महामंत्री बी. के. तिवारी ने प्रदेश के मुख्य सचिव सहित समस्त जिलाधिकारियों एवं पुलिस अधीक्षकों को संबोधित पत्र के माध्यम से निर्धारित गति सीमा एवं इलेक्ट्रॉनिक निगरानी के चेतावनी संकेतक लगाए बिना स्पीड इंटरसेप्टर उपकरणों से वाहनों के चालान किए जाने पर रोक लगाने की मांग की है । उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न जनपदों में यातायात पुलिस द्वारा मोटरसाइकिलों पर स्पीड इंटरसेप्टर उपकरण लगाकर विभिन्न स्थानों पर खड़े होकर मोटरसाइकिलों एवं छोटे चारपहिया वाहनों के हाईस्पीड के नाम पर चालान किए जाने की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, जबकि अनेक सड़कों पर निर्धारित गति सीमा के संकेतक तक नहीं लगे हैं ।श्री तिवारी ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 112(2) एवं 116 तथा भारत सरकार की अधिसूचना दिनांक 11 अगस्त 2021 द्वारा केंद्रीय मोटर वाहन नियमावली में जोड़े गए नियम 167A का उल्लेख करते हुए कहा कि इलेक्ट्रॉनिक निगरानी वाले सड़क खंडों से पूर्व चेतावनी संकेतक लगाने तथा स्पीड मापने वाले उपकरणों की शुद्धता का प्रमाणपत्र एवं उसका वार्षिक नवीनीकरण कराए जाने की व्यवस्था है । संस्थान द्वारा शासन से प्रमुख रूप से सड़कवार एवं वाहन श्रेणीवार निर्धारित गति सीमा सार्वजनिक की जाए। गति सीमा एवं इलेक्ट्रॉनिक निगरानी के चेतावनी संकेतक अनिवार्य रूप से लगाए जाएं। आवश्यक वैधानिक प्रावधानों का अनुपालन होने तक संबंधित स्थानों पर स्पीड इंटरसेप्टर से चालान किए जाने पर रोक लगाई जाए। स्पीड इंटरसेप्टर उपकरणों की शुद्धता एवं वैध प्रमाणपत्रों की जांच कराई जाए। पूर्व में किए गए चालानों की समीक्षा कर विधिविरुद्ध पाए गए चालानों को निरस्त किया जाए तथा जमा धनराशि की नियमानुसार वापसी की जाए। प्रदेश के समस्त जिलाधिकारियों को निर्देशित किया जाए कि जिला सड़क सुरक्षा समिति की प्रत्येक बैठक में संस्थान की संबंधित जनपदीय इकाई के अध्यक्ष एवं मंत्री अथवा नामित दो पदाधिकारियों को विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में बुलाया जाए ।श्री तिवारी ने बताया कि इस संबंध में सूचना का अधिकार अधिनियम के अंतर्गत भी प्रदेशव्यापी सूचनाएं प्राप्त करने हेतु आवेदन तैयार किया गया है । उन्होंने कहा कि संस्थान यातायात नियमों के कठोर अनुपालन एवं सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम का पूर्णतः पक्षधर है, लेकिन कानून का पालन कराने वाले अधिकारियों द्वारा स्वयं कानून का अनुपालन किया जाना भी आवश्यक है । यातायात पुलिस का उद्देश्य नागरिकों के जीवन की रक्षा एवं सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम होना चाहिए, न कि मात्र चालानों की संख्या और राजस्व संग्रह में वृद्धि करना । संस्थान के समस्त जनपदीय पदाधिकारियों से भी संबंधित जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के समक्ष इस जनहित के विषय को उठाने की अपील की गई है ।
