अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर पेंशनर भवन में होगा योगाभ्यास, पेंशनर करेंगे सांकेतिक विरोध

महोबा। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून 2026 को प्रातः 5ः00 बजे से 7ः00 बजे तक पं0 दीनदयाल उपाध्याय पेंशनर्स भवन, कचहरी परिसर महोबा में वरिष्ठ नागरिकों हेतु विशेष योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रशिक्षित योग प्रशिक्षक श्री शिवकुमार त्रिपाठी द्वारा वरिष्ठ नागरिकों एवं पेंशनरों को आयु एवं स्वास्थ्य के अनुरूप विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं स्वास्थ्यवर्धक योग क्रियाओं का अभ्यास कराया जाएगा। जानकारी देते हुए वरिष्ठ नागरिक पेंशनर्स सेवा संस्थान, उत्तर प्रदेश के महामंत्री बी0 के0 तिवारी ने बताया कि योग मानव जीवन को स्वस्थ, संतुलित एवं तनावमुक्त बनाने का प्रभावी माध्यम है। विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों के लिए योग शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बनाए रखने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होता है। इसी उद्देश्य से पेंशनर्स भवन में नियमित रूप से योग एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
श्री तिवारी ने कहा कि विगत कई वर्षों से सामाजिक एवं जनहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने के बावजूद पेंशनरों की उपेक्षा किया जाना जनपदीय अधिकारियों की कार्यशैली का हिस्सा बनता जा रहा है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रमों में भी पेंशनर्स संगठनों को न तो सूचना दी जाती है और न ही सहभागिता का अवसर प्रदान किया जाता है। इसी उपेक्षापूर्ण रवैये के विरोध में योगाभ्यास कार्यक्रम में शामिल पेंशनर्स बांह पर लाल पट्टी बांधकर सांकेतिक विरोध दर्ज कराएंगे। उनका उद्देश्य किसी प्रकार का टकराव उत्पन्न करना नहीं, बल्कि सरकार एवं प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित करना है कि समाज और राष्ट्र की सेवा में जीवन समर्पित करने वाले वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मानजनक एवं सहभागी दृष्टिकोण अपनाया जाए। संस्थान ने जनपद के समस्त पेंशनरों, वरिष्ठ नागरिकों एवं योग प्रेमियों से समय पर उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *