पेंशनर्स ने फूंका डिजिटल क्रांति का बिगुल: ‘वेलिडेशन एक्ट 2025’ के खिलाफ महोबा में लामबंद हुए पेंशनर

पेंशन कोई खैरात नहीं, कर्मचारियों का अर्जित अधिकार: सुनील शर्मा

काले कानून के खिलाफ एकजुट होंगे प्रदेश के सभी सेवानिवृत्त कर्मचारी

बुजुर्ग पेंशनर्स ने सीखी सोशल मीडिया की ताकत, मोबाइल बनेगा सबसे बड़ा हथियार

महोबा। वरिष्ठ नागरिक पेंशनर्स सेवा संस्थान, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में कचहरी कंपाउंड स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय पेंशनर्स भवन में बैठक का आयोजन किया गया। संगठन के अध्यक्ष सुनील शर्मा की अध्यक्षता और महामंत्री बी.के. तिवारी के कुशल संचालन में आयोजित इस बैठक में सरकार द्वारा लाए गए वेलिडेशन एक्ट 2025 के खिलाफ विरोध अभियान को तेज करने की ठोस रणनीति तैयार की गई। बैठक में वक्ताओं ने पुरजोर तरीके से कहा कि पेंशन कोई खैरात या दान नहीं है, बल्कि यह कर्मचारियों की जीवनभर की निष्ठावान सेवा और मेहनत का अर्जित अधिकार है। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा।
काले कानून के विरोध में समाज के सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को एकजुट करने और आंदोलन को गति देने के लिए संगठन के पदाधिकारियों ने आपसी तालमेल पर विशेष बल दिया। वक्ताओं का कहना था कि सरकार पेंशनभोगियों के अधिकारों पर कुठाराघात कर रही है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस आंदोलन को देशव्यापी और डिजिटल रूप से मजबूत बनाने के लिए बैठक में उपस्थित बड़ी संख्या में पेंशनर्स को सोशल मीडिया का एक विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया, ताकि तकनीक के माध्यम से इस आवाज को दिल्ली और लखनऊ के गलियारों तक पहुंचाया जा सके।
विशेष प्रशिक्षण सत्र के दौरान वरिष्ठ नागरिक पेंशनभोगियों को फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप जैसे लोकप्रिय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर पोस्ट साझा करने, स्टोरी लगाने और स्टेटस अपडेट करने की बारीकियाँ सिखाई गईं। इसके साथ ही बुजुर्गों को डिजिटल मंच पर अपनी मांगें प्रभावी ढंग से रखने के लिए वेलिडेशन-एक्ट-2025-वापस-लो,पेंशन-हमारा-अर्जित-अधिकार-है, वरिष्ठ-नागरिकों-का-सम्मान-राष्ट्र-का-सम्मान और एकजुट-पेंशनर-सुरक्षित-भविष्य जैसे हैशटैग्स का सही और व्यावहारिक उपयोग करना सिखाया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि इस अभियान के जरिए देश का हर एक पेंशनर अपने मोबाइल को ही अन्याय के खिलाफ सबसे बड़ा हथियार बनाएगा।
पेंशनर्स भवन में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक और कार्यशाला में संगठन के प्रति भारी उत्साह देखा गया और इस मौके पर बड़ी संख्या में पेंशनभोगी मौजूद रहे। इस मौके पर बसंतलाल गुप्ता, जगदीश सोनी, जगदीश कुमार, ओपी सिंह, लक्ष्मी तिवारी, गंगा प्रसाद, शिव कुमार गोस्वामी, सुरेन्द्र श्रीवास्तव, महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष पुष्पा सक्सेना, इन्द्रमा, सत्यभामा, शहनाज, गीता द्विवेदी सहित वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने एक स्वर में एकजुटता का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *