पेंशनरों की समस्याओं की अनदेखी पर रोष, 19 अगस्त को मनाएंगे ‘चेतना दिवस’

पेंशनर भवन की मरम्मत, पारिवारिक पेंशन, डिजिटल पहचान पत्र व बैंक संबंधी समस्याओं को लेकर होगा विरोध प्रदर्शन


महोबा। भारत एवं प्रदेश सरकार द्वारा पेंशनरों के हित में संचालित योजनाओं का जनपद स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन न होने तथा पं. दीनदयाल उपाध्याय पेंशनर भवन की मरम्मत में लगातार हीलाहवाली किए जाने से पेंशनरों में भारी नाराजगी है। वरिष्ठ नागरिक पेंशनर सेवा संस्थान, जनपद महोबा की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पेंशनरों की लंबित समस्याओं को लेकर 19 अगस्त को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 1.00 बजे तक ‘चेतना दिवस’ मनाकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता करते हुए संस्थान के जनपद अध्यक्ष सुनील शर्मा ने कहा कि पेंशनर दिवस के बाद पेंशनरों की समस्याओं के समाधान के लिए कोई प्रभावी बैठक न होने से समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। मृतक पेंशनरों की विधवाओं को पारिवारिक पेंशन स्वीकृत करने में भी शासन के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद अनावश्यक विलंब किया जा रहा है, जिससे वृद्ध पारिवारिक पेंशनरों को परेशानी और उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है।
संस्थान के प्रदेश महामंत्री बी.के. तिवारी ने कहा कि वृद्ध पेंशनरों की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए अपेक्षित संवेदनशीलता दिखाई नहीं जा रही है। पं. दीनदयाल उपाध्याय पेंशनर भवन की जर्जर छत, पुरानी एवं असुरक्षित विद्युत वायरिंग, टूटे टीन शेड तथा अन्य आवश्यक मरम्मत एवं नवीनीकरण कार्यों के लिए लगातार अनुरोध किए जाने के बावजूद कार्यवाही न होने से पेंशनरों में असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि चेतना दिवस पर माननीय मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी महोबा के माध्यम से भेजा जाएगा। ज्ञापन में पेंशनरों को डिजिटल पहचान पत्र जारी करने, पेंशनर हित की सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कराने, पारिवारिक पेंशन के मामलों का समयबद्ध निस्तारण तथा बैंकों द्वारा सेविंग बैंक खातों को पेंशन खाते में परिवर्तित करने में आ रही समस्याओं के समाधान की मांग प्रमुख रूप से शामिल रहेगी। बैठक में ओ.पी. सिंह, लघुचन्द्र नारायण, कालका प्रसाद गुप्ता, जगदीश कुमार, जगदीश सोनी, अरुण खरे, पुष्पा सक्सेना, मेहरून निशा, शिवकुमार त्रिपाठी, लक्ष्मी तिवारी, महेश अहिरवार, इश्तियाक खां, गोविंददास वर्मा, गयादीन गुप्ता, हरीशंकर गुप्ता, शहनाज परवीन, कमलेश शर्मा, शशिप्रभा, रामसजीवन गुप्ता, रामदीन सोनी, गंगा प्रसाद, अब्दुल गफ्फार, संतोष कुमार सक्सेना, श्याम सुंदर प्रजापति, देवेन्द्र सक्सेना एवं अरविंद खरे सहित अधिक संख्या में पेंशनर उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *