मा0 प्रधानमंत्री जी के 12 वर्ष कार्यकाल होने पर पेंशनरों ने दी शुभकानाएं तथा पेंशनरों के हितों की ओर ध्यान देने की अपील

महोबा। देश को विश्व पटल पर नई पहचान दिलाने वाले, करोड़ों गरीबों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराने वाले, किसानों को सम्मान निधि देने वाले, विभिन्न विचारधाराओं वाले अनेक राजनीतिक दलों को साथ लेकर सफलतापूर्वक शासन चलाने वाले तथा करोड़ों भारतीयों के वर्षों पुराने राम मंदिर निर्माण के स्वप्न को साकार करने वाले विश्व के यशस्वी प्रधानमंत्री के रूप में आपके 12 वर्ष पूर्ण होने पर वरिष्ठ नागरिक पेंशनर्स सेवा संस्थान, उत्तर प्रदेश की ओर से आपको हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ। देश का एक बड़ा वर्ग ऐसे सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं पेंशनरों का भी है, जिन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन राष्ट्र एवं समाज की सेवा में समर्पित कर दिया। आज वही पेंशनर अपने बुढ़ापे की अंतिम सुरक्षा “पेंशन” को लेकर चिंतित एवं असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। विशेष रूप से वित्त विधेयक 2025 के माध्यम से लाये गये “वैलिडेशन एक्ट” ने लाखों वृद्ध पेंशनरों के मन में भविष्य को लेकर भय एवं असंतोष उत्पन्न कर दिया है। जिन लोगों ने जीवनभर शासन-प्रशासन को मजबूत किया, वही आज अपने अधिकारों और सम्मान की रक्षा हेतु चिंतित दिखाई दे रहे हैं। पेंशन किसी पर कृपा नहीं बल्कि कर्मचारियों की जीवनभर की ईमानदार सेवा का अर्जित अधिकार है। बुढ़ापे में यही पेंशन उनकी दवा, सम्मान, आत्मनिर्भरता और परिवार में प्रतिष्ठा का सहारा होती है। मा0 प्रधानमंत्री जी से अपील की गयी कि वृद्ध पेंशनरों की चिंताओं को दूर करने हेतु सकारात्मक पहल करने की कृपा करें। साथ ही देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी एवं युवाओं की दिशाहीनता पर भी संवेदनशीलता के साथ ठोस कदम उठाकर आमजन एवं युवा वर्ग को नई आशा और विश्वास प्रदान करने का कष्ट करें। हमें पूर्ण विश्वास है कि आपके नेतृत्व में देश विकास के साथ-साथ संवेदनशील शासन की दिशा में भी आगे बढ़ेगा तथा बुजुर्गों, कर्मचारियों एवं पेंशनरों का सम्मान सुरक्षित रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *